274 सरकारी स्कूलों ने भेजे विज्ञान मॉडल के लिए नवाचारी विचार, अंतिम तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव
15 सितंबर थी आखिरी तारीख, छूटे विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रशासनिक निर्देशों का असर हुआ तो इंस्पायर अवार्ड-मानक के तहत विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों के पंजीकरण में तेजी आ गई। जिले के 274 सरकारी स्कूलों से अब तक 474 नवाचारी विचार दर्ज किए जा चुके हैं।
शुरुआत में प्रक्रिया धीमी रहने पर शिक्षा विभाग ने स्कूलों को गंभीरता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अंतिम दिनों में पंजीकरण की रफ्तार बढ़ी।
योजना के तहत विद्यार्थियों से विज्ञान और तकनीक पर आधारित ऐसे नए विचार मांगे जाते हैं, जिन्हें आगे विज्ञान मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके। स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों के विचारों का चयन कर उनका ऑनलाइन पंजीकरण करवाया गया।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित थी। हालांकि, कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों के विचार दर्ज होना बाकी रहने की संभावना को देखते हुए शिक्षा विभाग ने अंतिम तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा है। तिथि बढ़ने पर छूटे विद्यार्थियों को भी अपने नवाचारी विचार दर्ज करवाने का अवसर मिल सकेगा।
चयनित विद्यार्थियों को विज्ञान मॉडल विकसित करने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इससे विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलता है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि इस बार इंस्पायर मानक के तहत पंजीकरण बढ़े हैं। उपायुक्त की ओर से भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे।