चंबा। जिला रोजगार कार्यालय चंबा में आयोजित परिसर साक्षात्कार में 46 बेरोजगार युवाओं को मौके पर ही नौकरी लग गई। मंगलवार को निजी कंपनी ऐलन ऑटो इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड प्लॉट नंबर सी 116 मोहाली पंजाब की ओर से टर्नर फिटर, मेकैनिसट और सीएनसी ऑपरेटर मोहाली पंजाब में विभिन्न पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। नौकरी पाने के लिए बेरोजगार युवा सुबह ही कार्यालय पहुंच गए थे। इसके लिए 10वीं/12वीं सहित आईटीआई योग्यता के साथ आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई थी। कंपनी के अधिकारियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया और कंपनी की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी। चयनित युवाओं को प्रतिमाह 16,000 से 18,000 रुपये वेतन के साथ सीटीसी भी दिए जाएंगे। साक्षात्कार के लिए पहुंचे 100 युवाओं में से 46 युवाओं का चयन किया गया। 54 युवाओं का चयन नहीं हो पाया। इससे पूर्व युवा विशेषज्ञ तनु कुमारी ने कार्यालय पहुंचे बेरोजगार युवाओं की काउंसलिंग की। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि परिसर साक्षात्कार का आयोजन सफल रहा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी बेरोजगारों को रोजगार दिलवाने के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाएंगे।