भरमौर में दूसरे चरण के तहतचुनावी रिहर्सल करते अधिकारी कर्मचारी। विभाग
पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित
भरमौर विकास खंड में 26 और 28 मई को होगी सुबह 7:00 बजे से सायं 3:00 बजे मतदान प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय भरमौर में दूसरे चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास हुआ।
पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी भरमौर एवं रिटर्निंग अधिकारी विकास शर्मा ने की। पूर्वाभ्यास में 430 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इनमें 6 सेक्टर, 31 सहायक रिटर्निंग, 88 पीठासीन, 263 मतदान अधिकारी और 42 रिजर्व स्टाफ शामिल रहे। चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई।
जिला विकास अधिकारी तविंदर कुमार ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण एवं रिहर्सल के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें। उपमंडल अधिकारी भरमौर एवं रिटर्निंग अधिकारी बताया कि 26 और 28 मई को भरमौर विकास खंड में मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 से शाम 3 बजे तक होगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, मतदान की विधि तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी तविंदर कुमार, तहसीलदार भरमौर तेज राम भारद्वाज, तहसीलदार होली अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।