चंबा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय में सोमवार को टीजीटी अध्यापकों की तैनाती के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया का आयोजन किया गया। काउंसलिंग के पहले दिन टीजीटी आर्ट्स के करीब दो दर्जन अभ्यर्थियों ने भाग लिया। काउंसलिंग प्रक्रिया को लेकर गठित टीम ने चंबा, डलहौजी, सुंडला चुवाड़ी व तीसा रोजगार कार्यालयों से संबंधित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र जांचे। काउंसलिंग को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह रहा। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक फौजा सिंह ने बताया कि 26 मार्च को रोजगार कार्यालय भरमौर व पांगी के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 27 मार्च को सभी रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत टीजीटी नॉन मेडिकल के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। इसके अलावा 28 मार्च को सभी रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत टीजीटी मेडिकल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। उन्होंने शेष अभ्यर्थियों से काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया है।