उपायुक्त कार्यालय के बाहर श्रमिकों का प्रदर्शन
श्रम कानून को दरकिनार कर हो रही मजदूरों की छंटनी का किया विरोध, जमकर की नारेबाजी
मजदूरों ने भरमौर चौक से लेकर बाजार तक निकाली रोष रैली
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। उपायुक्त कार्यालय चंबा के बाहर बजोली होली परियोजना के मजदूरों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। इससे पूर्व मजदूरों ने रोष रैली भी निकाली। यह रैली भरमौर चौक से शुरू होकर पूरे बाजार का चक्कर काटने के बाद उपायुक्त कार्यालय में जाकर खत्म हुई। यहां सभी मजदूर उपायुक्त कार्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। इस मौके पर मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी। मजदूरों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन परियोजना में कार्यरत मजदूरों का गैर कानूनी तरीके से छंटनी कर रही है।
इंटक बजोली होली पावर प्रोजेक्ट वर्कर यूनियन के प्रधान राम ठाकुर ने बताया कि बजोली होली परियोजना में श्रम अधिनियम, भविष्य निधि अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम एवं औद्योगिक विवाद अधिनियम के नियमों को दरकिनार कर गैर कानूनी छंटनी की जा रही है। कर्मचारियों का भविष्य निधि कानून के तहत भविष्य निधि जमा नहीं करवाया जा रहा है। वर्ष 2013 से मार्च 2017 तक मजदूरों को वेतन वेजेस एक्ट के तहत नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों को दीवाली बोनस भी नहीं मिला है। पिछले तीन सालों से मजदूरों को जैकेट राशि भी नहीं दी गई है। जबसे प्रोजेक्ट चल रहा है, तबसे लेकर आज तक कर्मचारियों को वर्दी या वर्दी भत्ता नहीं मिला है। नया बढ़ा वेतन जोकि प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से बढ़ाया है। उसका बकाया भी मजदूरों को नहीं दिया गया है। कंपनी प्रबंधन से यूनियन का पहले भी करार हुआ था कि श्रम नियमों को पूरा करने के बाद ही छंटनी प्रक्रिया शुरू होगी। मगर कंपनी नियमों को दरकिनार कर छंटनी कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि गैर कानूनी तरीके से हो रही छंटनी को रोका जाए। इस मौके पर सभी मजदूर वर्ग मौजूद रहा।