चंबा। जिला के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी विभाग के मुख्य कार्यालयों के निर्देशों की अनुपालना नहीं कर रहे हैं। निर्देशों के बावजूद निजी स्कूलों से मांगा गया 25 प्रतिशत प्रवेश का ब्यौरा आठ खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों ने जमा नहीं करवाया है। इस पर विभागीय अफसर तल्ख हो गए हैं। ऐसे में विभाग ने दोबारा निर्देश जारी कर कार्यालय से ब्योरा तलब किया है। इस बार निर्देशों में विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर दो दिनों के भीतर स्कूल प्रभारी ब्योरा नहीं भेजते है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा खंड सुंडला, सलूणी, सिहुंता, पांगी, गैहरा, कियाणी, बनीखेत और चंबा प्रथम की ओर से जानकारी नहीं दी गई है। गौरतलब है कि 25 प्रतिशत निजी स्कूलों में प्रवेश को लेकर जानकारी विभाग की ओर से मांगी गई थी। इसके लिए विभाग ने कई दिन पहले निर्देश जारी किए थे। मगर स्कूल प्रभारियों ने इन निर्देशों की अवहेलना की है। इसके चलते अब विभाग ने कड़े निर्देश जारी करते हुए दो दिन में स्कूल प्रभारियों को उक्त ब्योरा भेजने के निर्देश दिए हैं।
यह मांगा था ब्योरा
प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने जिला के सभी निजी स्कूलों के संचालकों को निजी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 25 प्रतिशत एससी, एसटी, ओबीसी और बीपीएल विद्यार्थियों का रिकॉर्ड मांगा है। मगर अब तक आठ खंडों से इसकी सूचना नहीं आई है। जिन स्कूलों ने यह ब्योरा विभाग को भेजा है वो भी आधा-अधूरा है। बहरहाल, इस पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने बताया कि आठ शिक्षा खंडों की ओर से ब्यौरा कार्यालय नहीं पहुंचा है। ऐसे में उन्हें दो दिन की मोहलत दी गई है। अगर यह ब्योरा कार्यालय नहीं पहुंचता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।