अमर उजाला ब्यूरो
किहार(चंबा)। चंबा-संघणी मार्ग पर सुबह आठ बजे चलने वाली एचआरटीसी चंबा डिपो की बस बीते तीन महीने से बाधित पड़ी है। एचआरटीसी की बस सेवा रूट पर न चलने से इसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को उठाना पड़ रहा है। बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को चंबा और शिमला जाने में सहूलियत मिलती थी। मगर निगम प्रबंधन ने अकारण ही बस सेवा को अचानक बंद कर दिया। ग्रामीणों ने एचआरटीसी के आरएम से मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर सुबह आठ बजे चंबा से संघणी के लिए चलने वाली बस सेवा को दोबारा बहाल किया जाए।
चंबा से संघणी के लिए सुबह आठ बजे एचआरटीसी की बस चलती थी। इस बस सेवा से पंचायत भांदल, सनूंह, किहार, किलोड़, सलूणी, मंजीर और सुंड़ला के बाशिंदों को लाभ मिलता था। बावजदू इसके अकारण ही तीन माह पूर्व बस सेवा को बंद कर दिया गया है। इसका खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीणों को ही उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बस चंबा से सुबह आठ बजे संघणी के लिए चलती थी और संघणी से वापस दोपहर बारह बजे चंबा के लिए आती थी।
ग्रामीण मोहम्मद रफीक, आशिक मोहम्मद, मोहम्मद मुस्ताक, अब्दुल रहमान, बशीर मोहम्मद, सुरेश कुमार, रणधीर, हेमराज, अशोक कुमार, सुदेश कुमार, राजकुमार और गुरदित्ता मल का कहना है कि बस सेवा को दोबारा शुरू किया जाए ताकि क्षेत्र की जनता को परेशानियों से निजात मिल सके।