सुभाष कुमार अग्निहोत्री
चंबा। विधानसभा चुनाव 2017 के लिए 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना का जिम्मा 250 कर्मचारियों के सिर होगा। तो वहीं, जिला निर्वाचन आयोग ने भी अपने स्तर पर विस चुनावों की मतगणना की तैयारियां आरंभ कर दी है। वर्तमान समय में जिला चंबा के पांच विस क्षेत्रों से 21 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद है। राजकीय मिलेनियम पॉलिटेक्निक संस्थान सरोल में 310 पुलिस जवानों और एसएसबी के जवानों के कड़े सुरक्षा घेरे में ईवीएम मशीनों को रखा गया है। ये जवान दिन-रात चौकसी करते हुए ड्यूटी निभा रहे हैं।
गौरतलब हो कि विधानसभा चुनाव 2017 के लिए चुनावी रण में जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र चुराह, भरमौर, चंबा, डलहौजी और भटियात से 21 प्रत्याशी उतरे हैं। हर विधानसभा क्षेत्र से चुनावों में उतरा प्रत्याशी जी जान से अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए जुटा रहा। इसके बाद 9 नवंबर को जिले के पांचों विस क्षेत्रों से साढ़े तीन लाख मतदाताओं में से 2,57,675 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग भी किया। 9 नवंबर को विस चुनावों को लेकर होने वाले मतदान के उपरांत ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच सरोल के राजकीय मिलेनियम पॉलिटेक्निक संस्थान में रखा गया है। वहीं, राजकीय मिलेनियम पॉलिटेक्निक संस्थान सरोल में रखी गई इन ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए 310 जवान तैनात है। इसमें 130 पुलिस जवान और 180 एसएसबी के जवान शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश चंबा सुदेश मोख्टा ने बताया कि 18 दिसंबर को विस चुनावों को लेकर होने वाली मतगणना में 250 मतगणना कर्मी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि मतगणना मेें माइक्रो ऑब्जर्वर, काउंटिंग सुपरवाइजर काउंटिंग असिस्टेंट और मतगणना कर्मी मौजूद रहेंगे। बहरहाल, 18 दिसंबर को होने वाली विस चुनावों की मतगणना की तैयारियां भी आरंभ हो गई है। इसके तहत 8 दिसंबर को मतगणना में मौजूद रहने वाले कर्मचारियों को पूर्वाभ्यास करवाया जाएगा।