डलहौजी (चंबा)। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह डलहौजी की ठंडी वादियों में अपनी हुंकार से राजनीतिक गर्मी पैदा कर गए। अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के अपने चुनावी अभियान की डलहौजी विधानसभा से शुरुआत की। अमित शाह ने वीरभद्र सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा, वहीं राहुल गांधी के हिमाचल दौरे पर उनके लिए सवालों की लिस्ट भी लोगों को बताई। अमित शाह ने संबोधन में ज्यादातर हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर लगे भ्रष्टाचार के मुद्दों सहित प्रदेश में कानून व्यवस्था और माफियाराज पर सवाल दागे। अमित शाह को सुनने बनीखेत के पद्धर मैदान में लोगों की खासी भीड़ जुटी थी। हालात ऐसे रहे कि मैदान में कुर्सियों की कमी पड़ गयी और लोग खड़े होकर अमित शाह का भाषण सुनते रहे। लोगों की भीड़ देख अमित शाह भी गदगद दिखे। अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश को वीरों की धरती कहा और शहीदों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों की वजह से हमारी सरहदें सुरक्षित हैं। अमित शाह ने प्रदेश के मुद्दे के साथ साथ राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार रखे।