अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल खज्जियार को जाने वाली खज्जियार-डलहौजी सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है। हालत यह है कि अनदेखी के कारण सड़क पर गड्ढों की भरमार है। इस वजह से वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से खज्जियार के पर्यटन कारोबार पर भी इसका विपरीत असर पड़ने लगा है।
पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण इस बारे में कई बार संबंधित विभाग को ज्ञापन दे चुके हैं। मगर अभी तक सड़क की हालत को सुधारने के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। खज्जियार के उपप्रधान ओम प्रकाश, कोहलड़ी के उपप्रधान विक्की कुमार और ग्रामीण अमित चिंगारी, नरेंद्र चौहान, अशोक कुुमार, राजिंद्र और सुभाष कुमार ने बताया कि खज्जियार से डलहौजी सड़क की खस्ताहालत होने से खज्जियार में आने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। इस वजह से क्षेत्र के कारोबारियों और पर्यटन पर निर्भर लोगों की रोजी रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। मार्ग की खस्ताहाल के कारण डलहौजी जाने वाले पर्यटक खज्जियार आने की तौबा कर रहे हैं। खज्जियार मार्ग पर कई स्थानों पर पैरापिट की व्यवस्था भी नहीं है। इससे यहां हर समय हादसे होने का खतरा बना रहता है। इस वजह से कई वाहन यहां दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और विभाग से मांग की है कि सड़क की हालत को सुधारा जाए। अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़क में टारिंग को लेकर एस्टीमेट तैयार हो चुका है। जल्द ही सड़क की हालत को सुधारा जाएगा। जहां पर पेरापिट की जरूरत होगी वहां पेरापिट भी लगाए जाएंगे।