चंबा। जिले के 39 जेबीटी शिक्षकों को जल्द नियुक्ति का तोहफा मिलने वाला है। मार्च 2023 में इन जेबीटी शिक्षकों के साक्षात्कार हुए हैं जो उनके लिए काफी खुशी की बात है। जिले में बिना अध्यापकों और प्रतिनियुक्ति के सहारे चल रहे स्कूलों को जल्द जेबीटी अध्यापक मिल सकते हैं। इसक लिए महज अब शिक्षा विभाग की ओर से अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि जिले के 18 स्कूलों में अभी तक जेबीटी शिक्षकों की तैनाती नहीं हो पाई है। ऐसे में अब अध्यापकों की तैनाती होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। हालांकि शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिनियुक्ति के आधार पर स्कूलों में शिक्षा की धारा प्रवाहित करने के लिए अपने स्तर पर प्रयास किए गए हैं। बावजूद इसके अलग-अलग अध्यापकों के स्कूलों में पहुंचने से बच्चे भी शिक्षा की धारा से नहीं जुड़ पा रहे हैं। वहीं अध्यापकों को भी दो-दो जगह पहुंचकर बच्चों को पढ़ाना पड़ रहा है। खैर 39 अध्यापकों की तैनाती के बाद स्कूलों में रिक्त अध्यापकों के कुछ पद अवश्य भर दिए जाएंगे। उच्चधिकारी के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग की ओर से जल्द ही स्कूलों में जेबीटी अध्यापक तैनात किए जा सकते हैं। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास का कहना है कि मार्च में साक्षात्कार देने वाले 39 जेबीटी शिक्षकों की जल्द नियुक्ति हो सकती है। इसके बाद शिक्षकों की जरूरत वाले स्कूलों मेंं तैनाती होगी।