चंबा में चुवाड़ी की काली घार के पास कार्य में जुटे कर्मचारी।संवाद
चुवाड़ी (चंबा)। प्रदेश के खतरनाक माने जाने वाले कालीघार को अब भूस्खलन से सुरक्षित बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसकी रोकथाम के लिए हार्ड रोक का कार्य शुरू कर दिया है। कुल 3.86 करोड़ रुपये की लागत से कालीघार के पास हैवी नेट बोल्ट और डीटी मैश लगाकर भूस्खलन की समस्या को स्थायी रूप से दूर किया जाएगा।
यह मार्ग अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले और विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारी बारिश के दौरान यह क्षेत्र अक्सर अवरुद्ध हो जाता था, जिससे यात्रियों को घंटों गाड़ियों में फंसना पड़ता था। अब लोक निर्माण विभाग के सुधारीकरण कार्य से यह परेशानी दूर होगी और लोगों की आवाजाही सुगम होगी।
स्थानीय निवासी अजय कुमार, संजीव शांडिल्य, कुशल कुमार, मनजीत कुमार, अनिल कुमार, दिनेश गुप्ता और रमेश शर्मा आदि ने बताया कि बरसात में कालीघार के पास भूस्खलन की वजह से मार्ग बंद हो जाता है। इस काम की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने कहा कि कालीघार का सुधार कार्य किया जा रहा है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी और आवाजाही सुरक्षित होगी।