चंबा में मणिमहेश यात्रा के दौरान घोड़े पर डल झील की और जाते श्रद्धालु।संवाद
हेली टैक्सी की 41 उड़ानों में 226 श्रद्धालुओं ने किया सफर, होली से 16 यात्री निकले
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के तहत बुधवार को हड़सर से करीब 3600 श्रद्धालु पवित्र मणिमहेश कैलाश के दर्शन के लिए रवाना हुए। शाम छह बजे तक हड़सर से पैदल यात्रा जारी रही। प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को हड़सर से करीब 3600 श्रद्धालु पैदल मार्ग से मणिमहेश के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी सेवा भी संचालित की जा रही है।
अनुसंधान अधिकारी एवं हेली टैक्सी के नोडल अधिकारी अतुल शर्मा ने बताया कि बुधवार को कुल 41 हवाई उड़ानें हुईं। इनमें भरमौर से गौरीकुंड तक 226 श्रद्धालुओं ने हेली टैक्सी सेवा का लाभ लिया। वहीं, होली से कलाह होते हुए मणिमहेश जाने वाले पैदल मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। एसडीएम ने बताया कि शाम चार बजे तक इस मार्ग से 16 श्रद्धालु मणिमहेश कैलाश के दर्शन के लिए रवाना हुए।