चंबा। अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर पुलिस ने नकेल कसते हुए जिले में छह जगहों पर छापे मारकर 36 बोतलें देसी शराब बरामद की हैं। पहले मामले में सिहुंता पुलिस टीम ने आरोपी संजीव कुमार की दुकान से 6000 एमएल शराब बरामद की है। वहीं, किहार थाना के अधीन आते ब्यासो निवासी असमला की दुकान से 3750 मिलीलीटर शराब बरामद की। किहार में उत्तम निवासी गांव लांगोई की दुकान से 5250 मिलीलीटर शराब पकड़ी है। चौथे मामले में तीसा पुलिस टीम ने आरोपी भरत कुमार निवासी गांव बंजल की दुकान से दो लीटर देसी शराब बरामद की। उधर, डलहौजी पुलिस टीम ने विपन कुमार निवासी गांव धरड़ के बैग से 5250 मिलीलीटर शराब बरामद की। इसके अलावा पुलिस थाना चुवाड़ी की टीम ने राकेश कुमार निवासी गांव सम्लेहतर की दुकान से 5250 मिलीलीटर शराब पकड़ी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी पुलिस का अभियान जारी रहेगा।