खज्जियार(चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में होटलों के नक्शे जमा करवाने वाले होटल मालिकों पर विद्युत बोर्ड कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से नक्शे जमा न करवाने वाले होटल मालिकों के बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से काटने के निर्देश दिए थे। हालांकि इन निर्देशों के बाद बिजली बोर्ड ने होटल मालिकों को नोटिस तो जारी किए। लेकिन अभी तक बिजली के कनेक्शन नहीं काटे गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से खज्जियार में चल रहे होटलों के नक्शे मांगे गए थे। आठ होटल मालिकों ने नक्शे जमा न हीं करवाए। बहरहाल, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से इन होटलों के बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से काटने के आदेश विद्युत बोर्ड को दिए गए। विद्युत बोर्ड ने इन होटल मालिकों को नोटिस जारी किए। लेकिन नोटिस जारी होने के बाद भी इन होटलों के नक्शे नहीं काटे गए हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि विद्युत बोर्ड होटल मालिकों के साथ काफी नरम रवैया रख रहा है। जिस कारण कार्रवाई में देरी हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आठ होटलों में से विद्युत बोर्ड ने दो नोटिस गलत पते पर भेज दिए गए। जिससे इन उपभोक्ताओं को भी परेशानी हुई। बोर्ड द्वारा अन्य छह होटलों के विद्युत कनेक्शन न काटना बोर्ड की कार्रवाई पर भी सवालिया निशान लगा रहा है। गौरतलब है कि पर्यटन स्थल खज्जियार में निर्देशों की अवहेलना कर कुछेक होटलों का निर्माण हुआ है। यहां बिना नक्शे के ही होटल बना लिए गए। ऐसे में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से अब शिकंजा कसा जा रहा है। लेकिन विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों की लेटलतीफी भारी पड़ती दिख रही है। नोटिस जारी करने के बाद भी होटलों की बिजली नहीं काटी जा रही है।
विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता देवी सिंह ने बताया कि दो नोटिस गलत पते पर भेजे गए थे। यह गलती हुई है। जल्द ही अन्य होटलों के कनेक्शन काटे जाएंगे।