चंबा। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी ग्रामीण डाक सेवक मंडल चंबा की क्रमिक हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल न होने के कारण कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। संघ के उपाध्यक्ष बसंत और सचिव कमल महाजन का कहना है कि संघ अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल कर रहा है लेकिन सरकार संघ की मांगों को पूरा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की अनदेखी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाएं पिछले पांच दिन से लगातार प्रभावित हो रही हैं लेकिन विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इस वजह से ग्रामीण क्षेत्रों की जनता काफी परेशान है। संघ का कहना है कि जब तक सरकार और विभाग संघ की मांगों को पूरा नहीं करता है, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे और आगामी समय में आंदोलन को तेज करेंगे। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए।