अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में सामने आए गर्भवती महिला के गलत ब्लड रिपोर्ट के मामले को लेकर जांच के आदेश मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जारी कर दिए हैं। इसके लिए बायोकेमिस्ट्री लैब प्रमुख को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो आगामी दो दिन में मामले की गहनता से छानबीन करेंगे और इसकी रिपोर्ट चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय को सौंपेंगे। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन इसे बड़ी चूक मान रहा है। ऐसे में इस मामले को लेकर हल्के में नहीं ले रहा है। गलत ब्लड रिपोर्ट कैसे बनाई गई, इसकी छानबीन जांच अधिकारी करेंगे। मंगलवार को मामला उजागर होने के बाद चिकित्सा अधीक्षक ने क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के लैबोरेटरी इंचार्ज को कार्यालय तलब किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक ने पूरे मामले को लेकर पूछताछ की।
गौरतलब है कि चंबा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को एक गर्भवती महिला का ब्लड ग्रुप गलत पाया गया। 18 अक्तूबर 2017 को क्षेत्रीय अस्पताल चंबा की लैबोरेटरी में किए गए टेस्ट रिपोर्ट में जहां महिला का ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव पाया गया तो वहीं सोमवार को इसी लैबोरेटरी में दोबारा की गई जांच में ए पॉजिटिव ब्लड ग्रुप सामने आया। ब्लड बैंक में तैनात कर्मी ने रिपोर्ट में गलती की आशंका जताई थी और परिजनों ने दोबारा टेस्ट करवाया। इसमें ब्लड ग्रुप की रिपोर्ट गलत पाई गई।
चंबा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच की जाएगी। जांच अधिकारी बॉयोकेमिस्ट्री विभाग के अधिकारी को नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि दो दिनों में इस मामले की गहनता से जांच की जाएगी।