टेंडर हासिल कर कार्य शुरू न करने वाले 12 ठेकेदारों को लोक निर्माण विभाग ने नोटिस जारी कर दिया है। इसमें एक महीने के भीतर कार्य आरंभ करने का अल्टीमेटम दिया गया है। अगर कार्य शुरू नहीं किया गया तो फिर विभाग पेनल्टी डालेगा।
नोटिस जारी होने के बाद ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। जिले के कुछेक ठेकेदार सड़क निर्माण शुरू करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ठेकेदारों ने सड़क निर्माण के लिए बाकायदा टेंडर भी हासिल कर लिए है। सड़क निर्माण आरंभ न होने की सूरत में सड़क की आस लिए बैठे ग्रामीण भी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
अब लोक निर्माण विभाग के मंडल चंबा ने लेटलतीफ ठेकेदारों पर नकेल कसने का मन बना लिया गया है। विभाग ने चंबा के एक दर्जन ठेकेदारों को नोटिस जारी किए हैं। हालांकि इन ठेकेदारों को मौखिक रूप से कई बार अवगत करवाया गया लेकिन इन्होंने एक न सुनी। अब इन्हें लिखित नोटिस जारी किए गए हैं।
.....
टेंडर होने के बाद भी शुरू नहीं हुए कार्य
बनगेटी मार्ग, संपर्क मार्ग घुटनू, जोत मार्ग, ब्लैक स्पॉट जांघी-लिल्ल मार्ग, मरेड़ी-सिल्लाघ्राट ब्लैक स्पॉट, सिढ़कुंड भवन, लुड्डू-बाट मार्ग, चनेड़-चमडोली मार्ग, कोलका-जटकरी मार्ग, मत्स्यपालन विभाग कार्यालय के साथ ही ड्रेन का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए बाकायदा टेंडर हो चुके हैं।
....
जल्द कार्य शुरू करने की हिदायत : जीत सिंह
लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़कों का निर्माण न करने पर 12 ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। एक महीने के अंदर निर्माण शुरू करने की हिदायत दी गई है।