अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। भड़ियां कोठी पंचायत में ढांक में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों व्यक्ति से काम से छुट्टी करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटी घार के पास तंग रास्ते से गुजरते समय अचानक एक शख्स का पांव फिसल गया और वह ढांक में गिर गया जबकि उसे बचाने की कोशिश में दूसरा शख्स भी गिर गया। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है जबकि दूसरे को गंभीर चोटें आई हैं। मृतक की पहचान परसराम उर्फ पुरसो निवासी गांव पंजाली जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। परसराम यहां पर मिस्त्री का काम करता था। वह वैली निवासी देसराज के साथ काम से लौट रहा था। परस राम के सिर पर गहरी चोटें लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि देसराज गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें ढांक में पड़ा देखा। इसके बाद उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखा गया है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने हादसे को लेकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरंभिक जांच में मामले को सीआरपीसी की धारा 174 के तहत दर्ज किया है। मामलेे की आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि माटी की घार में खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखा गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।