अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
बढ़ती महंगाई के चलते बरसात के मौसम में हरी सब्जियां लोगों की थाली से गायब हो रही हैं। दो सप्ताह में सब्जियों के दामों में दस से बीस रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे गृहिणियों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। विक्रेताओं की मानें तो बाहरी राज्यों से सब्जियों की सप्लाई नहीं आ रही है। ऐसे में हिमाचल और जिला से ही सब्जियों की आपूर्ति हो रही है। इस वजह से दाम बढ़े हैं। वर्तमान में सब्जी मंडी में टमाटर साठ रुपये किलो, शिमला मिर्च साठ रुपये, मटर साठ रुपये, भिंडी तीस रुपये, फ्रासबीन चालीस रुपये, घीया चालीस रुपये, गोभी चालीस रुपये तक बिक रही है। प्याज में भी दस रुपये की बढ़ोतरी हुई है। प्याज तीस रुपये किलो सब्जी मंडियों में बिक रहा है।
गृहिणियों शीला शर्मा, संतोष देवी, सपना देवी, रीना ठाकुर, अंबिका ठाकुर, पुष्पा देवी, सुनीता देवी, शर्मिला कुमारी, रेखा देवी, मीनाक्षी देवी, रीता देवी ने बताया कि बीते दो सप्ताह से दाम बढ़े हैं। इससे उनकी रसोई का बजट बिगड़ा है। अब पहले की अपेक्षा कम ही सब्जियां खरीद पा रही हैं। सब्जी विक्रेताओं राकेश कुमार, विनय कुमार, बहादुर सिंह, मंगल, अशोक कुमार का कहना है कि बीते दो सप्ताह से बाहरी राज्यों से आने वाली सब्जियों की सप्लाई चंबा नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में हिमाचल और जिले के किसानों की सब्जियां सब्जी मंडियों में बेची जा रही हैं। यहीं कारण है कि सब्जियों के दामों में कुछ हद तक बढ़ोतरी हुई है।
000