अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
नगर परिषद कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे पार्षद अंजलि मल्होत्रा और धीरज बड़याल ने वीरवार को अपनी हड़ताल स्थगित कर दी। उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने पार्षदों को जूस पिलाकर उनकी हड़ताल तुड़वाई। पार्षद अंजलि मल्होत्रा और पार्षद धीरज बड़याल ने कहा कि उनकी हड़ताल स्थगित हुई है, खत्म नहीं। शुक्रवार को नगर परिषद चंबा ने उनकी मांगों को लेकर विशेष बैठक बुलाई है। इसमें भाग लेने के बाद ही आगामी रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल को जारी रखा जाएगा। उनकी हड़ताल राजनीति और गुटबाजी से ऊपर उठकर चंबा की स्वच्छता, सुंदरता और विकास को लेकर थी। नप अध्यक्ष इसे राजनीति का रंग देने की कोशिश कर रही हैं। उनका यह संघर्ष चलता रहेगा, जब तक चंबा पूर्ण रूप से स्वच्छ और सुंदर नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान को वे जारी रखेंगे ताकि उनकी मांगों पर सुनवाई हो सके।