चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में जुटने वाली हजारों लोगों की भीड़ को पीने के पानी के लिए नहीं परेशान होना पड़ेगा। इसके लिए जल शक्ति विभाग सभी चौगान के आसपास करीब 30 नल लगाएगा। लोगों को 24 घंटे पीने के पानी की सुविधा मिलेगी। मेले के दौरान जिले भर के लोग चौगान में पहुंचते हैं।
तेज धूप में घूमते लोगों को प्यास भी लगती है। लोगों को पीने के पानी के लिए न भटकना पड़े, इसके लिए इरावती गेट से चौगान नंबर चार तक पानी के नल लगाए जाएंगे। यहां अस्थायी मार्केट लगाई जाती है। ये नल जब तक रहेंगे, जब तक मिंजर मेला खत्म नहीं हो जाता। मेले के बाद भी विभाग कुछ नलों को सुचारु रखेगा। मणिमहेश यात्र पर जाने वाले जम्मू के जत्थे अपना पहला पड़ाव चंबा चौगान में डालते हैं। एक दिन के पड़ाव के बाद अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान करते हैं।
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में बॉलीवुड, पंजाबी और हिमाचली कलाकार अपनी प्रस्तुति देने पहुंचते हैं। इन कलाकारों को देखने के लिए चौगान में लोगों की भारी भीड़ जुटती है। दूसरी तरफ मेले के दौरान बाहरी राज्यों के व्यापारी अपना सामान बेचने के लिए दुकानें लगाते हैं। यहां भी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रहती है। लोगों को प्यास बुझाने के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए जल शक्ति विभाग ने मेला स्थल के चारों ओर अस्थायी नल लगाने की योजना बनाई है।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मिंजर मेले में जुटने वाली भीड़ को पीने के पानी के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। विभाग मेला स्थल के चारों ओर करीब 30 नल लगाएगा। इनमें पानी की आपूर्ति 24 घंटे रहेगी।