बीडीओ दफ्तर के लिए 30 किमी की दौड़
साहो की कई पंचायतों के लोगों की बढ़ी परेशानी
लोगों का बसें बदलने में ही बीत जाता है समय
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। साहो और शहर के समीप लगती एक दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों का ब्लॉक कार्यालय के लिए सफर कम नहीं हो पाया है। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज भी इन पंचायतों के लोगों को बीडीओ कार्यालय पहुंचने के लिए 30 किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। हैरानी की बात है कि पंचायतें शहर के साथ लगती हैं लेकिन इनका खंड विकास कार्यालय मैहला है। लोगों की मांग के बावजूद आज तक उनकी सुविधा के लिए बीडीओ कार्यालय को चंबा नहीं किया गया है।
ग्राम पंचायत कीड़ी, गुवाड़, सराहन, बाट, उटीप, कुम्हारका, लुड्डू, बैली और करियां का विकास खंड वर्तमान में मैहला है। ग्रामीणों राजकुमार, सुरेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, दया कृष्ण, प्रकाश चंद, उत्तम चंद, विपिन कुमार, जीवन सिंह, नेक सिंह और दयाराम ने बताया कि ग्राम पंचायत कीड़ी से ब्लॉक कार्यालय की दूरी करीब 30 किलोमीटर है। उटीप, कुम्हारका और लुड्डू से भी ग्रामीणों को ब्लॉक कार्यालय पहुंचने के लिए 20 से 25 किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। इन पंचायतों की ब्लॉक कार्यालय चंबा से दूरी दो से 15 किलोमीटर ही है। ग्रामीणों ने इन पंचायतों का विकास खंड चंबा करने की मांग उठाई है।