चंबा। चंबा में कोरोना के मामले बढ़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना नए के सामने आ रहे हैं। इससे पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को चंबा में कोरोना के तीन नए केस सामने आए हैं। इसमें एक होली में परियोजना का कर्मचारी शामिल है। इसके दो साथी पहले कोरोना संक्रमित निकल चुके हैं।
परियोजना में काम करने वालों के कोरोना संक्रमित होने की खबर से पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा हो गया है। स्थानीय लोग प्रशासन ने बाहर से काम करने के लिए परियोजना में आए सभी लोगों की कोरोना जांच करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा दो अन्य लोग भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें एक चालीस वर्षीय व्यक्ति भी शामिल है, जो कि कुछ दिन पहले बद्दी से चंबा लौटा था। इसे होम क्वारंटीन किया गया था। अब इसके संपर्क में आए लोगों की भी डिटेल तैयार की जा रही है। उनके भी सैंपल एकत्रित किए जाएंगे। इसके अलावा फरीदाबाद से चंबा लौटा 29 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसे संस्थागत क्वारंटीन केंद्र में रखा गया था। इसके चलते उसके संपर्क में अन्य लोग नहीं आए। चंबा में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 112 पहुंच गया है। इसमें एक्टिव केस 37 हैं। 74 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीनों कोरोना संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। जहां पर दस दिन तक उनका इलाज चलेगा। दस दिन के बाद दोबारा से उनके सैंपल लेकर जांच को पीसीआर लैब में भेजे जाएंगे। दस दिन तक चिकित्सीय निगरानी में रहने के बाद उनके स्वस्थ होने की संभावना है। राहत की बात यह है कि उपरोक्त तीनों मरीजों में कोरोना के लक्षण नहीं हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा में तीन नए कोरोना एक्टिव केस आए हैं। तीनों मरीजों को कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। जहां पर उन्हें चिकित्सीय निगरानी में रखा जाएगा।