चंबा के भरमौर में ट्रैकिंग गाईड का प्रशिक्षण हासिल करते युवा।संवाद
भरमौर (चंबा)। ट्रैकिंग के दौरान पहाड़ों पर चढ़ना, उतरना और नदी को सुरक्षित तरीके से पार करने के युवा गुर सीखेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग के सहयोग से अटल बिहारी पर्वतारोहण उप केंद्र भरमौर में 14 दिवसीय ट्रैकिंग गाइड कोर्स शुरू हुआ है। इसमें 25 युवा भाग ले रहे हैं, जिसमें 23 लड़के व दो लड़कियां शामिल हैं। दो दिसंबर से शुरू इस प्रशिक्षण में ट्रैकिंग गाइड को पहाड़ों पर चढना, उतरना, नदी पार करना व ट्रैंकिंग के दौरान किन चीजों को साथ रखना होता है, तमाम विषयों पर जानकारी दी जा रही है।
संस्थान के प्रभारी पंकज मिन्हास ने बताया कि पर्वतारोहण उप केंद्र युवाओं को ट्रैकिंग की सभी बारीकियां सीखा रहा है। आने वाले समय में ये युवा पहाड़ों पर पर्यटकों को ट्रैकिंग गाइड के रूप में अपनी सेवाएं देते हुए नजर आएंगे। इससे उन्हें रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। साथ ही जिला में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। भरमौर क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। देसी और विदेशी पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के लिए हर वर्ष आते हैं। कई बार ट्रैकिंग गाइड न मिलने के कारण पर्यटकों को पहाड़ों की असली सुंदरता का नजारा नहीं मिल पाता है। ऐसे में यह प्रशिक्षण काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।