संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के चार विकास खंडों में सील की गई 25 पंचायतों को प्रशासन ने छूट दे दी है। इन पंचायतों में अब सामान्य कर्फ्यू के तहत ढील मिलेगी। जिला प्रशासन ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले साहो क्षेत्र की पंचायतों को छूट दी गई थी।
अब ग्राम पंचायत साहो पद्दर और पल्यूर को भी राहत दी गई है। इसके अलावा तीसा ब्लॉक के तहत पंचायत भंजराड़ू, तीसा-1, तीसा-2, गडफरी, खजुआ, जुंगरा, लेसवीं, थल्ली, खुशनगरी, चरोड़ी, करेरी व कल्हेल, भटियात की तीन पंचायतों समोट, सुरपड़ा, टिकरी सलूणी ब्लॉक के तहत भांदल, किहार, डांड, किलोड़, ंडियूर, कंधवारा, सनूह और पिछला डियूर को छूट मिली है। अभी तक प्रशासन सील पंचायतों में राशन और रोजमर्रा की वस्तुओं को पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा था।
पिछले कुछ दिनों से व्यवस्था बेहतर होने और कोई नया कोरोना पॉजिटिव मामला सामने न आने पर पंचायतों को प्रशासन ने राहत दी है। उपायुक्त चंबा विवेक भाटियात ने बताया कि जिन पंचायतों को सील किया गया था, उन्हें राहत प्रदान दी गई है। इन पंचायतों में सामान्य क्षेत्रों की तर्ज पर कर्फ्यू में ढील मिलेगी। लोग रोजमर्रा का सामान खरीदने के लिए बाजार आ सकेंगे।