राहत एवं बहाली के काम में जुटे विभाग, कई क्षेत्रों में अभी भी व्यवस्थाएं बहाल नहीं
उपायुक्त बोले- संवेदनशील स्थानों पर रखी जा रही नजर, राहत एवं बचाव कार्य जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पिछले दो दिन से मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण सड़क, पेयजल और विद्युत जैसी बुनियादी सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार राहत एवं बहाली कार्यों में जुटे हैं लेकिन कई क्षेत्रों में लोगों को अभी भी व्यवस्थाएं बहाल नहीं हो पाई हैं। सड़क संपर्क भी भारी बारिश से प्रभावित हुआ है। भूस्खलन, मलबा और डंगे धंसने से कई मार्ग बंद हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने लगातार मशीनरी और कर्मचारियों की मदद से 60 मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। बावजूद इसके 23 सड़कें अभी भी बंद हैं। इन मार्गों पर मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य जारी है। मार्ग बंद होने से कई ग्रामीण की दिक्कतें बढ़ती जा रही है। चंबा मंडल में अभी भी पांच, डलहौजी, सलूणी और भरमौर में दो और भटियात में 12 मार्ग बंद हैं। भटियात के पांच ट्रांसफार्मर बाधित होने से करीब तीस गांवों में अंधेरा पसरा है।
उधर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखे हुए है। संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।