अमर उजाला ब्यूरो
चुवाड़ी(चंबा)। भटियात उपमंडल के बकलोह क्षेत्र के तहत 15 गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पिछले दो दिनों से पेयजल किल्लत चल रही है। ग्रामीणों की मानें तो इस बारे वे विभाग को भी अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। वहीं, बताया जा रहा है कि पहाड़ियों में हिमपात होने के कारण विभिन्न जगहों पर पेयजल लाइन टूटे हैं। इस कारण यहां के विभिन्न गांवों में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। के ककीरा, कालूगंज, भयकड़, देवीगऊ, उपरी ककीरा, बेडिगी, तलारा, न्यागाऊ, देवीनगर, रुडुआ, मगनोई, मुस्लटी गांवों में पानी की आपूर्ति ठप है। पानी न आने के चलते ग्रामीण प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर हो गए हैं। ग्रामीण रमेश कुमार, बिमला देवी, सुमित्रा देवी, राकेश कुमार, देवेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, लाल चंद, रेखा देवी, कृष्णा देवी, भारती देवी, सीमा देवी, उमेश कुमार, सुरेश कुमार, भीम सेन और दीवान चंद ने बताया कि पानी की किल्लत होने से उन्हें परेशानी हो रही है। दिन का अधिकतर समय पानी ढ़ोने में ही बीत जाता है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की कि जल्द गांवों में पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। जिससे उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।