अमर उजाला ब्यूरो
होली(चंबा)। ग्राम पंचायत दियोला के गांव अपर दियोल और कुवारसी के बाशिंदे आठ दिनों से अंधेरे में रातें काटने को मजबूर हैं। क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बाद जगह-जगह बिजली की लाइनों के क्षतिग्रस्त होने और ट्रांसफार्मर जलने से इस प्रकार की नौबत पेश आई है। नतीजतन, चारों तरफ बिछी बर्फ की मोटी चादर के बीच लोगों को कड़ाके की ठंड में ठिठुरते हुए ही समय व्यतीत करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने हैरानी जताते हुए कहा कि आठ दिनों से बिजली के गुल होने पर भी बोर्ड प्रबंधन ने अभी तक बिजली की सप्लाई को दुरुस्त करवाने की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों ने बोर्ड प्रबंधन से प्राथमिकता के आधार पर बिजली की सप्लाई को सुचारु करवाने की मांग उठाई है। विद्युत उपभोक्ता रमेश कुमार, प्रवीण कुमार, उधो राम, ज्ञान चंद, उत्तम, गुज्जर, रमेश चंद, जगदीश चंद, अमित कुमार, किरपा राम और निधिया राम का कहना है कि आठ दिनों से बिजली गुल होना ग्रामीणों की परेशानियों को बढ़ाकर रख दिया है। विद्युत उपभोक्ताओं ने प्राथमिकता के आधार पर बिजली की सप्लाई को सुचारु करवाने की मांग उठाई है।