अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। भूतपूर्व सैनिक आश्रित कोटे से शास्त्री के सात पद भरे जाएंगे। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग ने काउंसलिंग शेड्यूल भी जारी कर दिया है। काउंसलिंग प्रक्रिया सात फरवरी को सुबह दस बजे प्रारंभिक शिक्षा विभाग के कार्यालय में होगी। काउंसलिंग के लिए विभाग एक टीम का गठन करेगा। यह टीम काउंसलिंग प्रक्रिया को अंजाम देगी। इन पदों को भरने के लिए विभाग ने जिले के विभिन्न रोजगार कार्यालयों से पात्र अभ्यर्थियों की सूची मांगी गई थी। विभाग के पास यह सूची पहुंच चुकी है। इसके आधार पर विभाग ने कॉल लेटर भी जारी करने का कार्य शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार सात में से चार पद सामान्य भूतपूर्व श्रेणी और भूतपूर्व सैनिक कोटे से, एक पद भूतपूर्व एससी, एक भूतपूर्व एसटी और एक पद भूतपूर्व ओबीसी श्रेणी से भरा जाएगा। विभाग के पास जिले के सभी कार्यालयों से सूची पहुंचने के बाद शेड्यूल जारी किया गया है। पात्र अभ्यर्थियों को सभी प्रमाण पत्र काउंसलिंग के दौरान प्रस्तुत करने होंगे। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेेशक चंबा फौजा सिंह ने बताया कि भूतपूर्व सैनिक आश्रित कोटे से सात पद शास्त्री के पद भरे जाएंगे। इसके लिए काउंसलिंग शेड्यूल निर्धारित कर दिया गया है। सात फरवरी को सुबह दस बजे विभाग के कार्यालय में काउंसलिंग होगी।