घायल महिला को पीठ पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल
गांव में सड़क न होने से परिजनों को झेलनी पड़ी मुश्किलें
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। भांदल पंचायत के चांदू गांव में एक महिला बर्फ में फिसलकर ढांक में गिरने से घायल हो गई। घायल महिला को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के लिए परिजनों को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा। गांव में सड़क सुविधा न होने से परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को पीठ पर उठाकर आठ किमी दूर संघणी पहुंचाना पड़ा। यहां से निजी वाहन के जरिए महिला को उपचार के लिए किहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां घायल महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ढांक में गिरने से महिला की टांग और पीठ पर गंभीर चोट लगी है। इसकी वजह से वह पैदल चलने में असमर्थ थीं। गांव में सड़क न होने से परिजन एंबुलेंस सेवा का भी लाभ नहीं ले पाए। इसके चलते उन्हें पीठ पर उठाकर ही महिला को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना पड़ा।
बीएमओ किहार डॉक्टर मनोज ठाकुर ने बताया कि ढांक में गिरने से घायल परवीणा पत्नी अशरफ निवासी चांदू को प्राथमिक उपचार देने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।