कुलेठ में सात दिनों से बिजली की सप्लाई बंद, लोग परेशान
लोगों को अंधेरे में काटनी पड़ रहीं सर्द रातें, बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
होली( चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली के कुलेठ गांव में सात दिनों से बिजली की सप्लाई बंद पड़ी है। इसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान है। ग्रामीणों को सर्द रातें बिना बिजली के काटनी पड़ रही है। रात को रोशनी करने के लिए लोगों को दीये और मोमबत्ती का सहारा लेना पड़ रहा है। बोर्ड को समस्या से अवगत करवाने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है।
स्थानीय निवासी प्रकाश चंद, रवि कुमार, सोनू, मुकेश, विवेक, राकेश और सुरेंद्र ने बताया कि सर्दियों का दौर शुरू ही हुआ है। ऐसे में बिजली की व्यवस्था अभी से बिगड़ गई है। साफ मौसम में सात दिनों तक बिजली गुल है। बर्फबारी में इलाके में महीने भर बिजली नहीं आएगी। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और छात्रों को पेश आ रही है। महिलाओं को दिन के उजाले में अपने काम निपटाने पड़ रहे हैं। जबकि छात्र रात को पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने बोर्ड से जल्द से जल्द समस्या का समाधान मांगा है। बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता केवल चंद ने बताया कि उनके ध्यान में यह समस्या लाई गई है। जल्द ही बिजली सप्लाई को बहाल कर दिया जाएगा।