मंगला (चंबा)। कलेई जंगल से मवेशियों के लिए चारा लाने गई चौंरी गांव की महिला पर रीछ ने हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि रीछ के हमले के दौरान महिला वहां से भागने में कामयाब रही। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर रीछ को वहां से खदेड़ा। कलेई जंगल में मादा रीछ और उसके दो शावक होने का ग्रामीण अनुमान लगा रहे हैं।
वहीं, गांव के साथ लगते जंगल में रीछ और उसके शावकों के होने की सूचना के बाद ग्रामीण खौफजदा हैं। ग्रामीणों ने वन्य प्राणी विभाग से समय रहते मादा रीछ और उसके शावकों को गांव से दूर भगाए जाने की उठाई है।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत कुपाहड़ा के गांव चौंरी निवासी मिम्मो देवी पत्नी पातो राम अपने मवेशियों के लिए चारा लाने के लिए गांव के साथ लगते कलेई जंगल में गई थी। जंगल में चारा काटते समय यकायक उसे कुछ आहट सुनाई दी। इसरी दौरान महिला पर रीछ हमला करने की फिराक में था।
महिला ने समय रहते वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर वहां से रीछ को भगाया। ग्रामीणों के मुताबिक जंगल में एक मादा रीछ और उसके दो शावक भी हैं। गांव के साथ लगते जंगल में रीछ के होने की खबर के बाद रात के समय अब ग्रामीण अकेले गांव से बाहर निकलने में भी कतराने लगे हैं।