बख्तपुर और कैला के उपभोक्ताओं को घर-द्वार मिलेंगे गैस सिलेंडर
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसी प्रबंधन को दिए निर्देश
भरियां जाने वाली गाड़ियां बख्तपुर तक पहुंचाएगी गैस सिलेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। ग्राम पंचायत बख्तपुर और कैला के घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब इन पंचायतों के ग्रामीणों को गैस सिलेंडर उठाकर करियां गैस एजेंसी सिलेंडर लेने नहीं जाना पड़ेगा। उनकी पंचायतों में भी गैस की गाड़ी घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करेगी। लोगों की इस मांग को ध्यान में रखते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सकारात्मक पहल की है। विभाग के इस फैसले से जहां कैला पंचायत के गांव चंद्रोली, सेई, दियोली, करगढ़ और रैला के घरेलू गैस उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा तो वहीं दूसरी ओर बख्तपुर पंचायत के गांव चुलियारा, द्रबला, हलेल और बेहान को फायदा मिलेगा। विभाग ने कहा है कि सिढ़कुंड पंचायत में गैस आपूर्ति करने वाली गाड़ी कैला पंचायत में भी अब गैस आपूर्ति करेगी, उसी तरह भरियां पंचायत में जाने वाली गाड़ी बख्तपुर पंचायत को भी कवर करेगी। ताकि उपभोक्ताओं को घर-द्वार घरेलू गैस की आपूर्ति हो सके। कुछ समय पहले ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र नरयाल से मिला। इस दौरान ग्रामीणों ने घरेलू गैस की गाड़ी शुरू करवाने की मांग की थी। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र नरयाल ने बताया कि सिढ़कुंड पंचायत को जाने वाली गाड़ी अब कैला पंचायत में भी जाएगी। भड़िया के लिए जाने वाली गाड़ी बख्तपुर पंचायत को भी कवर करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए ही यह निर्णय लिया है।