अमर उजाला ब्यूरो
तेलका (चंबा)। विकास खंड सलूणी के तहत आती ग्राम पंचायत सेरी में हिमाचल ग्रामीण बैंक की शाखा खोलने को लेकर ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की है। ग्रामीणों ने बताया कि सेरी पंचायत में किसी प्रकार की बैंक की शाखा न होने के कारण यहां के लोगों को बैंक संबंधी लेन देन के लिए दस किलोमीटर का सफर कर हिमाचल ग्रामीण बैंक तेलका जाना पड़ता है। इसके चलते ग्रामीणों का अधिकतर समय बैंक तक पहुंचने में ही लग जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार तेलका स्थित बैंक में इतनी भीड़ होती है कि उन्हें अगले दिन दोबारा आना पड़ता है। इसके चलते ग्रामीण मानसिक परेशानी से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि पणताह में बैंक की शाखा खोली जाती है तो इससे ग्राम पंचायत सेरी, करवाल ,ग्वालू, मांझली और द्रेकड़ी आदि पंचायतों की लगभग दस हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों मनोज कुमार, कृष्ण चंद, देवेंद्र कुमार, रविंद्र ठाकुर, चैन सिंह, भुवनेश कुमार, पवन कुमार, सुमंत ठाकुर, सोनू, पिंकू, रिशु, रिंकु, प्रवीन कुमार, जयदियाल और मनसा राम का कहना है कि उनके आसपास के क्षेत्र में कोई भी बैंक न होने के कारण उन्हें लंबी दूरी तय करके अपने पैसे जमा करवाने और निकलवाने जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि उन्हें मनरेगा की मजदूरी लेने के लिए तेलका स्थित बैंक में जाना पड़ रहा है। लोगों ने सरकार और विभाग से मांग की है कि उनकी समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए पणताह में हिमाचल ग्रामीण बैंक की शाखा खोली जाए।