सुल्तानपुर, बालू बाजार में
ढाबों, दुकानों पर दबिश
खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने रेट लिस्ट लगाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। सुल्तानपुर और बालू बाजार में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने ढाबों-सब्जियों की दुकानों में दबिश दी। ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडर और सब्जियों की दुकानों में रेट लिस्ट जांची गई। विभागीय टीम को कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली। टीम की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। टीम की अगुवाई जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र नरयाल ने की। टीम ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि दुकानों में रेट लिस्ट लगी होनी चाहिए। साथ ही ढाबा संचालकों को भी घरेलू गैस सिलेंडर के बजाय व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्रयोग करने के निर्देश दिए। टीम ने साफ कहा है कि यदि दुकानदार विभागीय निर्देशों की अवहेलना करते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण के दौरान टीम में निरीक्षक रामस्वरूप शर्मा व अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। करीब एक सप्ताह पहले ही जिला खाद्य एवं आपूर्ति की टीम ने औचक निरीक्षण कर पांच सिलेंडर ढाबों से बरामद किए थे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र नरयाल ने बताया कि बुधवार को विभागीय टीम ने सुल्तानपुर व बालू बाजार में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी दुकानों में रेट लिस्ट लगी हुई पाई गई। साथ ही ढाबों में भी घरेलू गैस का सिलेंडर बरामद नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।