अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शिवांक शर्मा को टिकट न मिलने पर यूथ कांग्रेेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा देंगे। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष एवं यूथ कांग्रेस ग्रामीण चंबा के उपाध्यक्ष अनिल राणा ने प्रेस वार्ता में कहा कि हर्ष महाजन ने चंबा विस क्षेत्र से चुनाव लड़ने से इंकार किया है।
उनके अलावा शिवांक शर्मा ही ऐसे उम्मीदवार हैं, जो कांग्रेस को जीत दिला सकते हैं। इसके लिए हाईकमान को यूथ कांग्रेस की तरफ से अवगत भी करवाया जा चुका है। इसके बाद अगर हाईकमान ने शिवांक शर्मा के अलावा अन्य दूसरे उम्मीदवार को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाया तो यूथ कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारी, सदस्य अपना सामूहिक इस्तीफा देंगे।
उन्होंने कहा कि शिवांक शर्मा कांग्रेस पार्टी के लिए काफी समय से कार्य कर रहे हैं। लोगों में उनकी पैठ भी काफी अच्छी है। युवाओं की पहली पसंद शिवांक शर्मा ही होंगे। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कहा कि हर्ष महाजन एवं शिवांक शर्मा ही चंबा विस क्षेत्र से कांग्रेस को जीत दिला सकते हैं। इस मौके पर शहरी युवा कांग्रेस अध्यक्ष चरणजीत सिंह, चंबा-कांगड़ा लोकसभा महासचिव देविंद्र पुरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंबा इमरान मिर्जा, ग्रामीण यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
00