चंबा। उपायुक्त कार्यालय चंबा के बाहर चमेेेरा विस्थापितों ने थाली पीटकर अपना रोष प्रकट किया। दो घंटे तक विस्थापित उपायुक्त कार्यालय के बाहर खाली थालियां पीटते रहे। उपायुक्त कार्यालय परिसर थालियों के पीटने की आवाज से गूंजता रहा। बाद में उपायुक्त ने प्रदर्शनकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। इसके बाद ही आंदोलन शांत हुआ। थाली पीटो आंदोलन की अगुवाई कर रहे किलोड़ वार्ड जिप सदस्य ललित ठाकुर ने बताया कि परियोजना प्रभावित परिवारों को एलएडीएफ के अंतर्गत मिलने वाली एक प्रतिशत अतिरिक्त राशि का भुगतान नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 30 मई को उपायुक्त चंबा को ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया गया था कि एक प्रतिशत अतिरिक्त एलडीएफ राशि का भुगतान शीघ्र प्रभावित परिवारों के खाते में जमा किया जाए। साथ ही उपरोक्त राशि को समय-समय पर प्रभावितों के खाते में जमा करवाया जाए। 11 अगस्त को दोबारा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें प्रशासन को उपरोक्त राशि का भुगतान करने के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया गया। समय अवधि समाप्त होने पर भी प्रभावित परिवारों को राशि की अदायगी नहीं की गई। इसके चलते प्रभावित परिवारों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर थाली पीटो आंदोलन शुरू कर दिया। उपायुक्त ने प्रदर्शनकारियों को अपने कार्यालय में बुलाकर धनराशि की अदायगी के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इसके चलते प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन स्थगित किया।
उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने बताया कि परियोजना प्रभावित परिवारों को मिलने वाली एक प्रतिशत अतिरिक्त एलडीएफ धनराशि का भुगतान जल्द किया जाएगा। इसके लिए परियोजना प्रबंधन को कड़े निर्देश दिए जाएंगे।