अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा चौगान में लगी मिंजर मार्केट को प्रशासन खाली करवाने में असमर्थ रहा। दिन भर व्यापारी अपनी दुुकानों पर सामान बेचते रहे। कार्रवाई के नाम पर प्रशासनिक अधिकारी चौगान में चेतावनी देते रहे। परंतु किसी भी व्यापारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन से सात अगस्त को हर हाल में चौगान खाली करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते सात अगस्त को सभी व्यापारियों की दुुकानों की लाइट भी काट दी गई। इसके बावजूद व्यापारी मंगलवार को दिन पर दुकानदारी करते रहे। प्रशासनिक अधिकारी उनकी दुकानों में सामान उठाने की चेतावनी देते रहे परंतु इसका दुकानदारों पर कोई असर नहीं दिखा। इसके अलावा चौगान नंबर चार में भी दुकानें सजी रहीं। कुछेक दुकानदार ऐसा बोलते हुए पाए गए कि उन्होंने मंगलवार के दिन दुकानदारी करने की अनुमति ली है। इसके लिए प्रशासन को 500 रुपये का भुगतान भी किया गया है। दुकानदारों को हटाने के लिए आए पुलिस व नप कर्मचारी दुकानदारों को हटाने की बजाय खरीदारी करने में व्यस्त रहे। चौगान में अकेले एसडीएम दुकानों को हटाते हुए नजर आए। उनके साथ राजस्व विभाग के अधिकारी कदमताल करते ही दिखे। ऐसा ही चलता रहा तो बुधवार को भी चौगान खाली नहीं होगा। इससे चौगान में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित करने में परेशानी हो सकती है। उधर, एसडीएम चंबा राहुल चौहान ने बताया कि चौगान से व्यापारियों को खदेड़ा जा रहा है। शाम तक चौगान को खाली करवा दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन कड़ा रुख भी अपना सकता है।