चंबा। जिला चंबा के सरकारी स्कूलों में अब अध्यापकों की कमी नहीं रहेगी। सरकार ने 214 पदों पर जेबीटी अध्यापकों की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना जारी होने के बाद नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं को रोजगार मिलेगा। दूसरी तरफ, शिक्षा विभाग अधिसूचना जारी होने के बाद इन पदों को लेकर रोस्टर तैयार करने में जुट गया है। रोस्टर जारी होने के बाद शिक्षा निदेशालय की ओर से काउंसलिंग की तिथि निर्धारित की जाएगी। सरकार की ओर से शिक्षकों की नियुक्ति करने का मकसद स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। गौरतलब है कि जिले में कई स्कूल ऐसे हैं, जहां अध्यापकों की कमी है। पचास-पचास विद्यार्थियों की जिम्मेदारी एक-एक अध्यापक पर है। ऐसे में इन पदों के भरने से शिक्षकों के सिर से काम का बोझ भी कम होगा और स्कूलों को भी नए अध्यापक मिलेंगे। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास ने बताया कि सरकार ने इस बारे निर्देश दिए हैं। रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इसके बाद निदेशालय की ओर से काउंसलिंग की तिथि निर्धारित की जाएगी।