अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। स्वामी श्री हरीगिरी अस्पताल ककीरा को स्मार्ट कार्ड धारक मरीज से इलाज के वसूले पैसे को वापिस करना होगा। इसके लिए हिमाचल स्वास्थ्य बीमा योजना सोसाइटी के एडिशनल चीफ एग्जक्यूटिव ऑफिसर ने ककीरा अस्पताल प्रबंधन को मरीज को पैसे लौटाने के निर्देश जारी किए हैं। इसको लेकर एक प्रतिलिपि उपायुक्त, सीएमओ, मरीज ओर अस्पताल प्रबंधन को भी जारी की गई है। अगर आदेेश के बावजूद अस्पताल प्रबंधन मरीज को उसके पैसे नहीं लौटाता है। तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। अस्पताल प्रबंधन को कार्रवाई से बचने के लिए मरीज को उसके पैसे लौटाने ही होंगे।
एक महीने पहले उपरोक्त अस्पताल में स्मार्ट कार्ड धारक मरीज से ऑपरेशन की एवज में करीब तीस हजार रुपये लिए गए थे। जबकि मरीज के पास स्मार्ट कार्ड था। इसके ऊपर उसके इलाज का खर्च सरकार को देना था। मगर अस्पताल प्रबंधन ने उसका स्मार्ट कार्ड लेने से मना कर दिया। साथ ही उसके इलाज का भारी भरकम बिल बनाकर उसे थमा दिया। इसे मरीज ने उधार पर पैसे लेकर चुकाया। मरीज ने इसकी शिकायत जिलाधीश और स्वास्थ्य विभाग से की। इसकी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गठित की गई। टीम ने जांच की रिपोर्ट बनाकर शिमला भेजी। शिमला से हाल ही में स्वामी श्री हरीगिरी अस्पताल ककीरा को फटकार लगाते हुए मरीज को उसके पैसे लौटाने के निर्देश दिए हैं। इसका श्रेय अमर उजाला को भी जाता है। अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया था। इसके परिणाम स्वरूप स्वास्थ्य विभाग ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अब मरीज को उसके पूरे पैसे मिलेंगे।
इनसेट
जल्द मिलेंगे मरीज को उसके पूरे पैसे : हरीकेश मीणा
जिलाधीश चंबा हरीकेश मीणा ने बताया कि उपरोक्त अस्पताल में स्मार्ट कार्ड धारक जिस मरीज से इलाज के पैसे लिए गए थे। उसे अस्पताल प्रबंधन को लौटाने के आदेश हो चुके हैं। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन को सूचित कर दिया गया है। जल्द ही मरीज को उसके पैसे मिल जाएंगे।