विद्यार्थियों ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों पर मचाया धमाल
हिल मॉर्डन स्कूल भद्रम में वार्षिक समारोह का आयोजन
सदर विधायक पवन नैयर ने नवाजे मेधावी विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
सरोल(चंबा)। हिल मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल भद्रम में रविवार को वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर सदर के विधायक पवन नैयर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रशासन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें शॉल, टोपी पहना और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने दी प्रज्वलित किया। स्कूली छात्राओं की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया गया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों पर नृत्य किया। कार्यक्रम के मध्यांतर में स्कूल प्रधानाचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। वार्षिक रिपोर्ट के जरिये स्कूल प्रधानाचार्य सीएल ठाकुर ने विभिन्न शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों का ब्योरा उपस्थित लोगों के सामने रखा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि विधायक पवन नैयर ने स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं और स्कूलों से ही वे अपने आगामी लक्ष्य तय करते हैं। इस मौके पर नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैयर, वार्ड सदस्य सीमा कश्यप सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।