चंबा। शहर में पिछले कई दिनों से चल रही रेहड़ी फड़ी लगाने वाले बाहरी राज्यों के कारोबारियों को प्रशासन ने खदेड़ा। इस दौरान हटने में आनाकानी करने वाले कारोबारियों का सामान भी जब्त किया गया है। जबकि प्रशासन की टीम को देखकर कई कारोबारी सामान समेटकर फरार हो गए। शनिवार देर शाम चार बजे कैफे मार्ग पर लगाई गई फड़ी मार्केट को एसडीएम चंबा की अगुवाई में पहुंची पुलिस और नप चंबा के कर्मचारियों ने हटवाया। एसडीएम चंबा ने बाहरी राज्यों से आए व्यापारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बिना अनुमति के शहर में फड़िया लगाना गैर कानूनी है। इसके तहत उन पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है। बहरहाल, बाद में नप चंबा ने जब्त किए सामान को व्यापारियों को लौटा दिया।
गौरतलब हो कि दशहरा पर्व के उपलक्ष्य पर बाहरी राज्यों से दर्जन भर कारोबारी फड़ी मार्केट लगाने के लिए चंबा पहुंचे थे। इन व्यापारियों ने बिना अनुमति के पहले चौगान नंबर चार में दुकानें सजाने का भी प्रयास किया। जब इसकी सूचना प्रशासन को लगी को उन्होंने व्यापारियों को सामान समेटने के निर्देश जारी किए। इस दौरान स्थानीय व्यापार मंडल के पदाधिकारी जिलाधीश चंबा, एसडीएम चंबा और नप अध्यक्ष से मिले और बाहरी राज्यों के व्यापारियों को दशहरा पर्व पर मार्केट न लगाने की की मांग उठाई। व्यापार मंडल चंबा के पदाधिकारियों का कहना था कि बाहरी राज्यों से आने वाले व्यापारी औने-पौने दामों में सामान बेचते है।
इससे स्थानीय दुकानदारों को घाटा उठाना पड़ता है। इसको लेकरबाहरी राज्यों से आए व्यापारी भी प्रशासन से मिले और उन्हें दशहरा पर्व के दौरान फड़ी मार्केट लगाने की अनुमति की मांग उठाई थी। वीरवार को अवकाश होने पर कुछेक व्यापारियों ने कैफे मार्ग पर दुकानें सजा ली। इस दौरान लोगों ने बड़े पैमाने पर खरीदारी की। शुक्रवार को एसडीएम चंबा की अगुवाई में पुलिस और नप चंबा के कर्मचारियों ने दोपहर बाद कैफे मार्ग पर पहुंच बाहरी राज्यों के व्यापारियों को खदेड़ा। एसडीएम चंबा दीप्ती मंढोत्रा ने बताया कि कैफे मार्ग पर व्यापारी प्रशासन की अनुमति के बगैर बैठे थे। इसके चलते उन्हें वहां से हटाया गया है। इसके बाद भी कोई व्यापारी वहां पर सामान सजाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।