अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
मैहला के लकडोलू गांव में एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान संजीव पुत्र प्रेमराज निवासी गांव लकडोलू डाकघर मैहला के रूप में हुई है। संजीव मैहला में दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार संजीव वीरवार शाम को मैहला में दुकान बंद करके घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास अचानक रास्ते में उसका पांव फिसल गया। इससे वह खाई में जा गिरा। वहां से गुजर रहे गांव के अन्य लोगों ने उसे खाई से निकाला और कड़ी मशक्कत के बाद चंबा अस्पताल पहुंचाया। मगर यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि मैहला में खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।