डलहौजी (चंबा)। डलहौजी में होटल फाइव हिल रिजॉर्ट के पास निर्माणाधीन पांच मंजिला भवन से गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह पुत्र रूल्दू सिंह निवासी गांव एवं डाकघर तियोना, थाना सदर, जिला बठिंडा, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि होटल के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक होटल के नीचे की तरफ मुंह के बल पड़ा मिला। उसके सिर पर गहरी चोट थी और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के निशान थे। पुलिस ने जांच की तो युवक की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मनप्रीत सिंह होटल फाइव हिल रिजॉर्ट में अपने चचेरे भाई रुपेंद्र सिंह के साथ एसीपी शीट लगाने का काम करता था। मौके के हालात के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वह निर्माणाधीन भवन से नीचे गिरा, जिससे उसकी मौत हुई।
पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलहौजी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। संवाद