चंबा में उदयपुर के पास अवैध खनन को लेकर पकड़ा गया ट्रैक्टर।संवाद
चंबा। रावी नदी का सीना छलनी करने वाले अवैध खनन कारियों पर के खिलाफ चंबा पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है।
मंगलवार देर शाम को सदर थाना की टीम ने उदयपुर में रावी तट में दबिश देकर 12 ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत निकालते पकड़ा। चालान काटकर ट्रैक्टरों चालकों से पुलिस ने 20,000 रुपये का जुर्माना वसूला है। मालिकों के जुर्माना भरने के बाद ही पुलिस ने वाहनों को छोड़ा। सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया था।
हालांकि, पुलिस को रावी नदी के तट पर देखकर कई खननकारी अपने ट्रैक्टरों को लेकर वहां से रफ्फूचक्कर हो गए। पुलिस ने खननकारियों को आदेश दिए कि वे दोबारा अवैध रूप से रावी नदी से रेत न निकालें। अन्यथा, उनके ट्रैक्टर जब्त कर लिए जाएंगे। इसके बाद पुलिस की टीम ने चंबा-तीसा मार्ग पर नाका लगाकर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे। इस दौरान 46 वाहनों के चालान काटकर 15,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। ये वाहन चालक गाड़ी चलाते वक्त यातायात नियमों की पालना नहीं कर रहे थे। कई दो पहिया वाहन सवार बिना हेलमेट तो कई चोपहिया वाहन चालक बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाते हुए नाके पर पकड़े गए। उधर, थाना प्रभारी संजीव चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।