सलूणी (चंबा)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मुक्त मानकों को पूरा करने वाली हैल्थ ब्लॉक किहार एट सलूणी की 20 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर एक पंचायत को स्वर्ण, पांच को रजत और 14 पंचायतों को कांस्य पदक प्रदान किए गए।
पंचायतों ने टीबी के संभावित मरीजों की पहचान, जांच और उपचार के साथ ग्रामीणों को बीमारी के प्रति जागरूक करने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग किया। पंचायत स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ने से टीबी के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली। संभावित मरीजों तक पहुंच बनाने, उन्हें जांच के लिए प्रेरित करने और उपचार पूरा करवाने में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अहम रही। बीएमओ किहार डॉ. मनोज ठाकुर ने कहा कि 20 पंचायतों का सम्मानित होना स्वास्थ्य विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए उपलब्धि के साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग और पंचायतों के सामूहिक प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए। संवाद