खज्जियार (चंबा)। पर्यटक स्थल खज्जियार में एचआरटीसी खटारा बसों को भेजना बंद नहीं कर रही है। बसों के बीच रास्ते में खराब होने से सवारियां परेशान हो चुकी हैं। शनिवार को चुवाड़ी से चंबा वाया डलहौजी, खज्जियार जाने वाली सरकारी बस खज्जियार में खराब हो गई। इससे बस खज्जियार से चंबा रवाना नहीं हो पाई। इसकी वजह से बस में सवार दो दर्जन सवारियों को टैक्सी करके अपने गंतव्य को रवाना होना पड़ा। बस के खराब होने का सिलसिला एक दिन का नहीं है। बल्कि आए दिन एचआरटीसी की बसें बीच रास्ते में हांफ रही हैं।
इसकी वजह से बसों में सफर करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार शाम को चंबा से खज्जियार जाने वाली सरकारी बस गेट के पास खराब हो गई। बस का खज्जियार में पहुंचने का समय रात सात बजे का है। लेकिन बीच रास्ते में खराब होने की वजह से बस रात नौ बजे खज्जियार पहुंची। इसकी वजह से दूर दराज के गांव को जाने वाले लोगों को दिक्कतें पेश आईं।
इससे पहले भी कई बार खज्जियार रूट पर चलने वाली सरकारी बसें खराब हो चुकी हैं। इसको लेकर एचआरटीसी प्रबंधन को भी सूचित किया जा चुका है। मगर प्रबंधन की ओर से अभी तक उपरोक्त रूट से खटारा बसों की आवाजाही बंद नहीं की गई है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है।
इनसेट
आरएम चंबा सुभाष कुुमार ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला आया है। बस के बार-बार खराब होने को लेकर पूरी जांच पड़ताल की जाएगी।