अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह की 30 पंचायतों में अभी तक जीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। 30 पंचायतों में 20 दिनों से बिजली की सप्लाई ठप पड़ी है। इसके अलावा सड़कें और पेयजल सप्लाई भी पूर्ण रूप से बहाल नहीं हो पाई हैं। इस कारण लोग काफी परेशान हैं। पचास हजार आबादी 20 दिनों से अंधेरे में सर्दी की ठंडी रातें काट रही है। चार फीट बर्फ में ग्रामीणों को जीवनयापन करने में काफी दिक्कत हो रही है। रात को रोशनी करने के लिए अब तो ग्रामीणों के पास मोमबत्ती भी खत्म हो चुकी हैं। बीस दिनों तक ग्रामीण मोमबत्ती जलाकर ही रात को घरों में रोशनी कर रहे थे। अब वह भी खत्म हो चुकी है। इसके चलते उन्हें अंधेरे में ही अपनी रातें बसर करनी पड़ रही हैं। मौसम विभाग की ओर से फिर से बर्फबारी की चेतावनी मिलने से ग्रामीण ओर परेशान हो गए हैं। चुराह में बर्फबारी के कारण बिजली की लाइनें और खंभे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। लाइन और खंभों को ठीक करने के लिए बोर्ड की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। मगर बार-बार मौसम खराब होने से उनके प्रयास सफल नहीं हो पा रहे हैं। समय रहते क्षेत्र में बिजली और पेयजल सप्लाई बहाल न हुई तो ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने समस्या का निदान करने के लिए जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि बिजली की लाइनें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं। इन्हें दुरुस्त करने का कार्य प्रगति पर है। बिजली सप्लाई बहाल करने में अभी ओर समय लगेगा।