कार और बाइक की टक्कर में एक घायल, टांडा रेफर
डाकघर घराणी से अपने घर लौट रहा था मदन, रास्ते में टकराई बाइक
अमर उजाला ब्यूरो
मंगला(चंबा)। घराणी-कोलका मार्ग पर एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे निजी वाहन के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। जहां पर घायल को प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर कर दिया गया है। घायल व्यक्ति डाकघर घराणी में बतौर डाकिया तैनात बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार रोजमर्रा की तरह डाकघर घराणी में तैनात मदन कुमार अपनी ड्यूटी से छुट्टी कर घर की तरफ आ रहा था। घराणी-कोलका मार्ग पर यकायक सामने से आई कार के साथ उसकी मोटरसाइकिल की भिडंत हो गई। मोटर साइकिल की भिडंत इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर ही जा गिरा। घायलावस्था में उसे मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रेफर कर दिया गया।
एमएस डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि मंगलवार देरशाम अस्पताल में लाए गए घायल को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।